मंत्री बनने के बाद पहली बार चंपारण पहुंचे नंदकिशोर राम, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत.
बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम के पहली बार चंपारण पहुंचने पर भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं, नारों और अभिनंदन कार्यक्रमों के जरिए उनका स्वागत किया गया।
पश्चिम चंपारणः बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम के पहली बार चंपारण पहुंचने पर भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं, नारों और अभिनंदन कार्यक्रमों के जरिए उनका स्वागत किया गया।
मंत्री के आगमन को लेकर पूरे इलाके में राजनीतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा एवं एनडीए समर्थक मौजूद रहे। अपने संबोधन में मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा की है।
उनकी मेहनत और समर्पण को देखते हुए एनडीए गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी ने उन पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें रामनगर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया और जनता के आशीर्वाद से उन्हें जीत मिली। मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार में मंत्री बनाकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र, गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काम करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान और पशुपालकों का विकास है। पशुपालन, डेयरी और मत्स्य क्षेत्र में नई योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है, जिससे किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिल सके।
वहीं पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि यह केवल भारत की समस्या नहीं बल्कि वैश्विक परिस्थितियों का असर है। उन्होंने कहा कि भारत में सीमित मात्रा में तेल उत्पादन होता है और बड़ी मात्रा में तेल विदेशों से आयात करना पड़ता है।
ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा प्रभाव देश में ईंधन की कीमतों पर पड़ता है। मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में खाड़ी देशों की विषम परिस्थितियों का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर देखने को मिल रहा है, जिसके कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर है तथा राहत देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंश्चिम चंपारण से एनबीसी 24 के लिए हरिकेष कुमार की रिपोर्ट।